प्रसव के बाद महिला की मौत से हड़कंप

अम्बेडकरनगर। जनपद के अकबरपुर क्षेत्र स्थित कल्याण हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक नवविवाहिता महिला की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। ऑपरेशन के जरिए बच्चे के जन्म के कुछ ही घंटों बाद महिला की हालत बिगड़ने और उपचार के अभाव में मौत होने का आरोप परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर आक्रोश व्याप्त है, वहीं घटना को दबाने की कोशिश के आरोप भी सामने आए हैं।

सम्मनपुर क्षेत्र की रहने वाली थी मृतका

घटना सम्मनपुर थाना क्षेत्र के हिलालपुर माजीसा गांव से जुड़ी है। गांव निवासी सतीश वर्मा ने अपनी पत्नी सोल्डी को प्रसव के लिए अकबरपुर स्थित कल्याण हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार बीती रात लगभग 12 बजे ऑपरेशन के माध्यम से सोल्डी ने एक पुत्र को जन्म दिया। शुरुआती तौर पर महिला और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई।

कुछ घंटों में अचानक बिगड़ी तबीयत

परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के कुछ घंटों बाद ही प्रसूता की हालत अचानक बिगड़ने लगी। अस्पताल स्टाफ को इसकी जानकारी देने के बावजूद प्रभावी उपचार नहीं किया गया। आरोप है कि न तो समय रहते वरिष्ठ चिकित्सक बुलाए गए और न ही महिला को किसी उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया गया। हालत लगातार बिगड़ती चली गई और करीब 12 घंटे के भीतर महिला की मौत हो गई।

नवविवाहिता की मौत से गांव में आक्रोश

मृतका की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। नवविवाहिता की प्रसव के बाद मौत से परिजनों के साथ-साथ गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने इसे सीधी चिकित्सकीय लापरवाही का मामला बताया है और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button