डीएम आवास के पास कार में युवक ने खुद को मारी गोली

राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शनिवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। डीएम आवास के पास खड़ी कार में एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 38 वर्षीय ईशान गर्ग के रूप में हुई है, जो राजाजीपुरम थाना क्षेत्र के तालकटोरा इलाके का निवासी था।

पुलिस के अनुसार, ईशान ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर डीएम आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कार अंदर से लॉक थी, इसलिए शीशा तोड़कर युवक को बाहर निकाला गया। उसके हाथ में रिवॉल्वर थी और बगल की सीट पर 10 कारतूस पड़े थे। युवक को तुरंत KGMU ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे हरिओम मंदिर के पास हुई।

मोबाइल पर बात करने के बाद खुद को मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ईशान गर्ग घटना से कुछ मिनट पहले मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे। बातचीत खत्म होने के बाद उन्होंने कार (UP 32 KE 8099) को अंदर से लॉक किया और गोली चला दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन दरवाजा बंद मिलने पर शीशा तोड़ना पड़ा।

हाल ही में खरीदे थे कारतूस

जांच में पता चला है कि ईशान ने कुछ दिन पहले ही कारतूस खरीदे थे और उन्हें पॉलीथिन में रख लिया था। घरवालों ने उन्हें रिवॉल्वर सरेंडर करने की सलाह दी थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।

बहन ने दी थी दिल्ली शिफ्ट होने की सलाह

मृतक की बहन शुभी ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उन्होंने भाई से कहा था कि वह दिल्ली-एनसीआर में शिफ्ट हो जाएं, ताकि परिवार के साथ रह सकें। लेकिन ईशान ने लखनऊ छोड़ने से इनकार कर दिया था। बहन की मदद से उन्होंने लखनऊ में एक फ्लैट किराए पर लिया था।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मौके से एक रिवॉल्वर, एक खोखा और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

Related Posts

अलमास टावर, लखनऊ में भव्य इफ्तार का आयोजन

रोज़ेदारों के साथ विभिन्न समुदायों की सहभागिता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश लखनऊ। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर बर्लिंगटन चौराहे स्थित अलमास टावर में शनिवार को एक भव्य, सुव्यवस्थित…

Continue reading
हलवासिया ग्रुप की 4 संपत्तियां कुर्क

27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश 27.98 करोड़ वसूली मामले में बड़ा आदेश लखनऊ। राजधानी की कॉमर्शियल कोर्ट ने 27.98 करोड़ रुपये की वसूली से जुड़े आर्बिट्रेशन मामले में…

Continue reading