
- सीएम आवास के बाहर युवक ने आत्महत्या की कोशिश
- औरैया का रहने वाला शैलेंद्र यादव, नोएडा में करता था नौकरी
- प्रॉपर्टी विवाद से मानसिक रूप से परेशान था
लखनऊ। लखनऊ में मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री आवास के बाहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने आत्महत्या की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे बचा लिया।
युवक की पहचान और कारण
युवक की पहचान औरैया जिले के 32 वर्षीय शैलेंद्र यादव के रूप में हुई है। वह नोएडा में नौकरी करता है और मंगलवार सुबह ही लखनऊ पहुंचा था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह प्रॉपर्टी विवाद से परेशान था। न्याय न मिलने से हताश होकर उसने यह कदम उठाने की सोची।
कंबल से लटकने की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपने साथ एक कंबल लेकर आया था। सीएम आवास के पास पहुंचते ही उसने पेड़ पर कंबल का फंदा लगाकर लटकने की कोशिश की। यह देखकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और उसे पकड़ लिया।
थाने में पूछताछ और जांच
युवक को हिरासत में लेकर गौतमपल्ली थाने लाया गया है, जहां उससे पूछताछ हो रही है। पुलिस के मुताबिक, शैलेंद्र यादव की नानी का अकबरपुर के बजरंग नगर में घर है और वहीं जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था।
कुछ लोगों ने भड़काया था
युवक ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों ने उसे उकसाया था कि लखनऊ जाकर सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन करो, तभी बात सुनी जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए दस्तावेजों और तथ्यों की जांच कर रही है।








