लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 के तीसरे और अंतिम दिन शनिवार को लखनऊ के 46 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय सुरक्षा जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया।
हालांकि, कुछ अभ्यर्थी समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाने के कारण परीक्षा से वंचित रह गए। बाराबंकी से आए प्रियांशु यादव गलत गूगल मैप लोकेशन की वजह से निर्धारित केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच सके। वहीं आगरा से पत्नी को परीक्षा दिलाने आए राहुल ट्रेन लेट होने के कारण समय से परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाए।
परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान और संतुलित बताया। हालांकि, कुछ परीक्षार्थियों का कहना था कि गणित और अंग्रेजी विषय के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन रहे।
इससे पहले शुक्रवार को परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में 92.99 प्रतिशत और दूसरी पाली में 94.84 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। वहीं एक महिला पुलिसकर्मी की सतर्कता से एक युवती की परीक्षा छूटने से बच गई। युवती गलती से केकेवी कॉलेज की जगह केकेसी परीक्षा केंद्र पहुंच गई थी, जिसके बाद समय रहते उसे सही परीक्षा केंद्र पहुंचाया गया।









