कराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में रविवार को एक बार फिर 5.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। यूरो-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अरागुआ तट के पास समुद्र में था और इसकी गहराई लगभग 30 किलोमीटर बताई गई है।
इससे पहले 24 जून को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े भूकंपों ने देश में भारी तबाही मचाई थी। इसके बाद शनिवार को भी 4.9 तीव्रता का झटका महसूस किया गया। लगातार झटकों से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1430 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3300 से अधिक लोग घायल हैं। अधिकारियों का कहना है कि भूकंप के 72 घंटे बाद भी करीब 68,900 लोग लापता हैं और मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है। विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप के बाद शुरुआती 48 से 72 घंटे बचाव कार्य के लिए सबसे अहम होते हैं।
कई प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव दलों की कमी के कारण स्थानीय लोग खुद ही मलबा हटाकर अपने परिजनों की तलाश कर रहे हैं। हथौड़ों और अन्य औजारों की मदद से लोग तबाह इमारतों के अवशेषों को हटाने में जुटे हैं।
इसी बीच भारत ने वेनेजुएला की मदद के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। ‘अमिस्ताद’ स्पेनिश भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ ‘दोस्ती’ होता है। इस ऑपरेशन का उद्देश्य भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत पहुंचाना और घायलों का इलाज सुनिश्चित करना है।









