आदमपुर एयरबेस पर जवानों से मिले पीएम- बोले- आप पर देश को गर्व है

  • ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी आदमपुर एयरबेस पहुंचे
  • जवानों से की मुलाकात, एयर स्ट्राइक की सफलता पर दी बधाई
  • एस-400 और राफेल की मौजूदगी से पाक का झूठ उजागर

जालंधर। ऑपरेशन सिंदूर के छह दिन बाद मंगलवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब स्थित आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने ऑपरेशन में शामिल जवानों से मुलाकात की और उन्हें सफल एयरस्ट्राइक के लिए बधाई दी। पीएम करीब एक घंटे तक एयरबेस पर मौजूद रहे और इस दौरान उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाया।

प्रधानमंत्री ने एयरबेस दौरे की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं। एक तस्वीर में उनके पीछे S-400 मिसाइल सिस्टम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जो यह दर्शाता है कि पाकिस्तान का इसे तबाह करने का दावा पूरी तरह से झूठा और भ्रामक था। एक अन्य फोटो में राफेल फाइटर जेट भी नजर आ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा –

“आज सुबह मैं वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर वायु योद्धाओं और सैनिकों से मिला। साहस, दृढ़ संकल्प और निडरता के प्रतीक लोगों के साथ रहना विशेष अनुभव रहा।”

पाकिस्तान का S-400 पर झूठा दावा

6-7 मई की रात भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक कर 100 से अधिक आतंकियों को ढेर किया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने मिसाइल हमले का दावा किया था। पाकिस्तानी मीडिया ने यह भी कहा कि उनके JF-17 फाइटर जेट से दागी गई मिसाइल ने आदमपुर एयरबेस पर भारत के S-400 सिस्टम को बर्बाद कर दिया।

लेकिन पीएम मोदी की यात्रा और तस्वीरों ने इस झूठ की पोल खोल दी। इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाक के दावे को “पूरी तरह मनगढ़ंत और असत्य” बताया था।

आदमपुर एयरबेस का सामरिक महत्व

जालंधर से 21 किमी दूर स्थित आदमपुर एयरबेस, उत्तर भारत का दूसरा सबसे बड़ा एयरफोर्स स्टेशन है। यहां से इंडो-पाक बॉर्डर सिर्फ 100 किमी की दूरी पर है। यह मिग-29 बेस और 47वीं स्क्वाड्रन “ब्लैक आर्चर” का मुख्यालय है।

1965 की जंग में इस एयरबेस की भूमिका भी अहम रही थी, जब पाकिस्तान ने यहां कमांडो उतारे थे, लेकिन भारतीय सेना ने उन्हें पूरी तरह नाकाम कर दिया था।

पीएम का राष्ट्र के नाम संबोधन

सीजफायर के 51 घंटे बाद सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया था। 22 मिनट के भाषण में उन्होंने पहलगाम हमले, ऑपरेशन सिंदूर, सीजफायर, आतंकवाद, सिंधु जल समझौते और PoK जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा –

“जिन आतंकियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर मिटाया, हमने उन्हें ही मिटा दिया।”

Related Posts

असम में सियासी बयानबाजी तेज, गोगोई ने सीएम सरमा पर साधा निशाना

गौरव गोगोई का सीएम हिमंता पर तीखा हमला ‘हिंदू सर्टिफिकेट’ टिप्पणी पर विवाद 22 फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे भूपेन बोरा गुवाहाटी। Gaurav Gogoi ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस…

Continue reading
10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव

10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव 12 सीटें एनडीए, 25 विपक्ष के पास महाराष्ट्र में 7, तमिलनाडु में 6 सीटों पर मतदान नई दिल्ली। Election…

Continue reading