अंबेंडकरनगर। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में तबादलों और कार्यभार वितरण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बीते चार दिनों में दो बार बीएसए का प्रभार बदले जाने से विभागीय हलकों में खलबली है। अब जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य बृजेश उपाध्याय को अंबेडकरनगर का नया प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नियुक्त किया गया है।
पूर्व बीएसए को मिला प्रमोशन, पद हुआ रिक्त
पूर्व में अंबेडकरनगर में बीएसए के पद पर कार्यरत भोलेंद्र प्रताप सिंह का हाल ही में पदोन्नति के तहत स्थानांतरण किया गया, जिससे यह पद खाली हो गया था। इसके बाद प्रयागराज से पदोन्नत होकर आए बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को जिले का डीआईओएस नियुक्त करते हुए उन्हें बीएसए का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था।
चार दिन में बदल गया पूरा समीकरण
प्रवीण तिवारी को मिले अतिरिक्त बीएसए प्रभार की उम्र केवल चार दिन रही। शासन ने अब यह जिम्मेदारी डायट प्राचार्य बृजेश उपाध्याय को सौंप दी है। वे शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण कर सकते हैं। वर्तमान में प्रवीण तिवारी प्रयागराज में हैं, जिसके चलते चार्ज हैंडओवर की प्रक्रिया शुक्रवार तक संभावित है।
स्थानांतरण नीति के तहत हुआ फेरबदल
शिक्षा विभाग में यह फेरबदल गत 15 जून को जारी तबादला सूची के तहत किया गया। इसमें तीन वर्ष की तैनाती पूर्ण कर चुके अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थानांतरित कर नई तैनाती दी गई है। बेसिक और माध्यमिक दोनों शिक्षा विभागों में विभागाध्यक्ष स्तर पर यह बदलाव देखने को मिला है।
जहां अंबेडकरनगर के पूर्व बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह को वाराणसी का डीआईओएस बनाया गया, वहीं प्रयागराज के प्रवीण तिवारी को यहां डीआईओएस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। बीएसए का अतिरिक्त प्रभार पहले प्रवीण तिवारी को दिया गया, लेकिन अब डायट प्राचार्य को सौंपा गया है। बार-बार हो रहे बदलाव से बीएसए कार्यालय में प्रशासनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है।








