
- योजनाओं की प्रगति का विभागवार बिंदुवार आकलन किया गया
- डाटा फीडिंग की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
- लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
अंबेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में “सीएम डैशबोर्ड” के अंतर्गत विकास विभागों की समन्वित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार आकलन किया गया और अपेक्षित सुधार के निर्देश जारी किए गए।
योजनाओं की प्रगति पर विंदुवार समीक्षा
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, महिला कल्याण, विद्युत, पंचायती राज, मत्स्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, श्रम, कृषि, अल्पसंख्यक, लोक निर्माण, अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) व मुख्यमंत्री आवास योजना समेत तमाम विभागों की सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित रैंकिंग की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष दर्ज कराई जाए और फील्ड से प्राप्त डाटा को विभागीय पोर्टल पर समयबद्ध एवं सटीक तरीके से फीड किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जन सामान्य की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण और समयसीमा में किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रैंकिंग में सुधार को लेकर सख्त रुख
बैठक में उन विभागों की ओर विशेष ध्यान आकृष्ट किया गया जिनकी प्रदेशीय रैंकिंग संतोषजनक नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा कि “सीएम डैशबोर्ड” के माध्यम से प्रदेश स्तर पर जिले की स्थिति स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है। ऐसे में सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि उनका प्रदर्शन निरंतर बेहतर हो, जिससे जनपद की समग्र रैंकिंग में सुधार लाया जा सके और शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे।








