कला के मंच से युवा देंगे नशामुक्त भारत का संदेश

28 अक्तूबर को अकबरपुर में जनपदीय युवा उत्सव, लोकगीत-नृत्य से लेकर पेंटिंग और कविता लेखन तक होंगी प्रतियोगिताएं

अंबेडकरनगर। नशे से दूर रहने का संदेश अब युवा अपनी कला और रचनात्मकता के जरिए देंगे। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से 28 अक्तूबर को अकबरपुर स्थित रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनपदीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के सांस्कृतिक ट्रैक के तहत होने वाले इस आयोजन की थीम ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है।

युवा उत्सव में लोकगीत समूह, लोकनृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन की प्रतियोगिताएं होंगी। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देना होगा। लोकगीत और लोकनृत्य में पारंपरिक लोककलाओं को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इन दोनों विधाओं में रिकॉर्डेड और फिल्मी गीतों की अनुमति नहीं होगी।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा

प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा शामिल हो सकेंगे। आयु की गणना 27 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। समूह विधाओं में अधिकतम 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक विधा में भाग लेने की अनुमति होगी।

प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। प्रतिभागियों को आधार कार्ड के साथ हाईस्कूल की अंकतालिका या प्रमाणपत्र की छायाप्रति भी लानी होगी। प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। जनपद स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को मंडलीय युवा उत्सव में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button