अंबेडकरनगर। शारदीय नवरात्र के समापन और दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद रविवार को अकबरपुर में तमसा नदी के घाटों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया गया। नगर पालिका परिषद की टीम ने गायत्री मंदिर घाट और शिवाला घाट पर जमा कचरे व पूजन सामग्री को हटाया। नदी में विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेष भी बाहर निकाले गए। सफाई के बाद घाटों पर दवा का छिड़काव कराया गया।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया और नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और स्वच्छता मित्र शामिल हुए। त्योहार के बाद घाटों पर जमा अपशिष्ट को हटाने के साथ आसपास के हिस्सों की भी सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने और नदी में प्रदूषण को कम करने में मदद करना था।
पूजन सामग्री निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील
अभियान में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा, अवर अभियंता (जलकल) शैलेंद्र सिंह और प्रधान लिपिक अनूप सोनकर सहित सफाई नायक व स्वच्छता मित्र शामिल रहे। टीम ने घाटों पर सफाई कार्य पूरा किया और दवा का छिड़काव कराया।
नगर पालिका प्रशासन ने लोगों से अपील की कि पूजा-पाठ के बाद बची सामग्री और अन्य कचरा नदी या घाटों पर न डालें। इसे निर्धारित स्थानों पर ही रखें, ताकि नदी और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनी रहे।









