उज्ज्वला के 1.82 लाख परिवारों को दीपावली पर मुफ्त सिलेंडर का तोहफा

अक्टूबर से दिसंबर तक रिफिल कराने पर खाते में आएगी पूरी रकम, होली पर जनवरी से मार्च के बीच मिलेगा दूसरे सिलेंडर का लाभ

अंबेडकरनगर। दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर के खर्च से राहत मिलेगी। जिले के 43 गैस एजेंसियों से जुड़े करीब 1.82 लाख लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए अक्टूबर, नवंबर या दिसंबर में गैस सिलेंडर रिफिल कराना होगा। रिफिल की पूरी राशि लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

शासन ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दीपावली और होली पर साल में दो मुफ्त सिलेंडर देने की व्यवस्था की है। इसके तहत दीपावली के लिए अक्टूबर से दिसंबर तक रिफिल कराने पर पहली सिलेंडर की राशि वापस मिलेगी। वहीं, होली के अवसर पर दूसरे सिलेंडर का लाभ लेने के लिए जनवरी, फरवरी या मार्च में रिफिल कराना होगा।

गैस की कमी की आशंका के बीच शासन ने स्थिति की साफ

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण गैस की उपलब्धता को लेकर लाभार्थियों में असमंजस था। उन्हें आशंका थी कि कहीं मुफ्त सिलेंडर की सुविधा प्रभावित न हो जाए। शासन ने स्पष्ट किया है कि योजना के तहत लाभ पहले की तरह दिया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि योजना का लाभ पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए जिले की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। लाभार्थियों को योजना की समयसीमा और प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button