बादलों की आवाजाही से सुहावना रहा मौसम का मिज़ाज- उमस ने बढ़ाई बेचैनी

  • भीटी व कटेहरी में हल्की बारिश
  • राजेसुल्तानपुर व आलापुर में बादल छाए
  • जमुनीपुर में हल्की बारिश के बाद उमस बढ़ी

अंबेडकरनगर। जिले में सोमवार का दिन मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच बीता। सुबह हल्की धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर तक आसमान पर घने बादलों का दबदबा हो गया। यद्यपि तापमान सामान्य सीमा में बना रहा। किंतु नमी के कारण जनजीवन दिनभर उमस की चपेट में रहा। वातावरण में बनी गीली गर्मी ने घरों से लेकर सड़कों तक लोगों की चाल को प्रभावित किया। जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 77 प्रतिशत आर्द्रता ने लोगों को दिनभर परेशान रखा। हवा में नमी अधिक होने के कारण शरीर पर पसीना चिपकने की स्थिति बनी रही। उमस और बदलते मौसम के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेते रहना आवश्यक है। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई गई है।वहीं, इस समय किसान धान की नर्सरी और खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी में जुटे हैं। लेकिन निरंतर बारिश न होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दो दिनों में अच्छी वषार् हो जाती है तो यह धान की पौध को गति देने में सहायक होगी।

Back to top button