
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का मंगलवार को 52वां जन्मदिन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। राजधानी लखनऊ स्थित सपा कार्यालय को होर्डिंग और पोस्टरों से सजाया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर नाचते हुए पार्टी प्रमुख के दीर्घायु होने की कामना की।
कार्यालय के बाहर सुंदरकांड पाठ, हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और अखिलेश यादव की लंबी उम्र के लिए पूजा-अर्चना की।
🔹 अनुराग भदौरिया ने 52 डिप्स लगाकर दी बधाई
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने पार्टी कार्यालय में 52 डिप्स लगाकर अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा,
“मैं प्रार्थना करता हूं कि नेताजी 200 वर्ष जिएं और मैं 200 डिप्स मारकर बधाई दे सकूं।”
🔹 योगी और केशव मौर्य ने दी बधाई, अखिलेश ने जताया आभार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
योगी ने लिखा—
“उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई।”
इस पर अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए लिखा—
“आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।”
डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा—
“भगवान राम, श्रीकृष्ण और भोलेनाथ की कृपा से आप स्वस्थ और दीर्घायु हों।”
🔹 हजरतगंज में हवन और मिष्ठान वितरण
लखनऊ के पंचमुखी हनुमान मंदिर, हजरतगंज में अखिलेश यादव की दीर्घायु के लिए विशेष हवन और पूजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ सपा नेता नवीन धवन बंटी, देवेंद्र सिंह यादव ‘जीतू’ और रितेश साहू ने किया।
🔹 शक्ति प्रदर्शन में जुटे सपा नेता
इस आयोजन में पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह, पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह, विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व प्रदेश सचिव दीपक रंजन, और एडवोकेट शुभांगी द्विवेदी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
पूरे आयोजन के दौरान पार्टी कार्यालय और आसपास उत्साह और अनुशासन का मिला-जुला माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे पार्टी के लिए संगठनात्मक एकजुटता और सम्मान का दिन बताया।








