- विज्ञान भारती, एनसीईआरटी और संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।
- छात्रों में वैज्ञानिक सोच, जागरूकता और भागीदारी को बढ़ावा देने का लक्ष्य।
- ग्रामीण छात्रों को मंच से जोड़ने का लिया संकल्प।
अंबेडकरनगर। जिले के विज्ञान संचारक व शिक्षक नीरज यादव को विज्ञान भारती (विभा) द्वारा विद्यार्थी विज्ञान मंथन कार्यक्रम का राज्य समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह दायित्व न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि स्थानीय स्तर पर विज्ञान के प्रति युवाओं की रुचि और जागरूकता को भी नया आयाम देने वाला है।
राधा कृष्ण पूर्व माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर में कार्यरत नीरज यादव विगत कई वर्षों से विज्ञान के प्रचार-प्रसार और छात्र हितैषी नवाचारों से जुड़े रहे हैं। उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए विज्ञान भारती अवध प्रांत के महासचिव एवं सी.एस.आई.आर.-आई.आई.टी.आर. के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रजनीश चतुर्वेदी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबेडकरनगर को पत्र प्रेषित कर यह जानकारी दी।
विद्यार्थी विज्ञान मंथन क्या है?
विद्यार्थी विज्ञान मंथन एक राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम है, जो विज्ञान भारती (विभा), राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी), शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (संस्कृति मंत्रालय) भारत सरकार के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य कक्षा 6 से 11 तक के स्कूली विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाना, वैज्ञानिक सोच को विकसित करना, और वैज्ञानिक प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मंच देना है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाती है, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी, राष्ट्रीय स्तर पर भ्रमण और अन्य वैज्ञानिक अवसरों से नवाजा जाता है।








