
- मऊ में बड़ा हादसा, कुलपति और पत्नी की मौत
- इनोवा कार खड़े ट्रेलर में घुसी, मौके पर दो शव
- ड्राइवर को झपकी आने पर कुलपति ने खुद संभाली स्टीयरिंग
मऊ। मऊ जिले में वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-29) पर दोहरीघाट के पास शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। महाराष्ट्र के कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी (58) और उनकी पत्नी बदामी देवी (52) की इनोवा कार खड़े ट्रेलर में पीछे से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक वैभव मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, प्रो. त्रिपाठी वाराणसी से कुशीनगर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में ड्राइवर को झपकी आने पर उन्होंने खुद स्टीयरिंग संभाली थी। कुछ ही देर में कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एयरबैग खुलने के बावजूद जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार का गेट काटकर शवों व घायल को बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच कर रही है।
प्रो. हरेराम त्रिपाठी राष्ट्रपति सम्मानित विद्वान थे और उनके निर्देशन में 19 छात्रों ने पीएचडी की थी। वे मूलरूप से कुशीनगर जिले के निवासी थे। हादसे के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया है।








