
- टैबलेट से शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन पारदर्शी और व्यवस्थित होगा
- लाइव स्ट्रीमिंग, वेबिनार और डिजिटल कंटेंट से शिक्षकों की दक्षता बढ़ेगी
- व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से नियमित अपडेट और कनेक्टिविटी सुनिश्चित
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर शासन की “समग्र शिक्षा (माध्यमिक)” योजना के तहत जनपद के 29 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित टैबलेट वितरित किए गए। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्वयं सभी प्रधानाचार्यों को टैबलेट सौंपे और उन्हें डिजिटल शिक्षा की दिशा में गंभीरता से कार्य करने का संदेश दिया।
शिक्षा होगी स्मार्ट, जवाबदेही भी बढ़ेगी
टैबलेट के माध्यम से अब विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संचालित की जा सकेंगी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन टैबलेट्स का प्रयोग केवल शैक्षणिक और विभागीय कार्यों के लिए किया जाएगा।
डिजिटल मॉड्यूल के जरिए शिक्षकों की जवाबदेही तय की जाएगी और छात्रों की प्रगति का आकलन समयबद्ध ढंग से किया जा सकेगा।
लाइव स्ट्रीमिंग से दूरस्थ शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि टैबलेट के माध्यम से यूट्यूब लाइव, ज़ूम, वेबिनार जैसे प्लेटफार्मों का उपयोग करते हुए शिक्षकों को दूरस्थ शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
आईआईटी गांधीनगर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा संचालित ऑनलाइन सत्रों से शिक्षकों की दक्षता में भी वृद्धि होगी, जिससे छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा।
डिजिटल शिक्षण सामग्री से होगा ज्ञान समृद्ध
दीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध डिजिटल कंटेंट का टैबलेट के माध्यम से उपयोग अनिवार्य किया गया है। प्रधानाचार्य अब यह सुनिश्चित करेंगे कि शिक्षकों व छात्रों तक यह सामग्री सुगमता से पहुंचे और उसका नियमित उपयोग हो।
टैबलेट्स में उपलब्ध सामग्री में वीडियो, पीडीएफ, और इंटरएक्टिव मटीरियल शामिल होंगे, जिससे पढ़ाई अधिक रोचक और प्रभावी बन सकेगी।








