
- अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज में प्रेमी युगल के बीच विवाद ने ली खौफनाक शक्ल
- प्रेमिका ने परिवार की रोक से परेशान होकर खाया विषाक्त पदार्थ, रास्ते में मौत
- शव को गुप्त रूप से दफनाने की तैयारी, पुलिस ने कब्जे में लिया
अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी युगल के बीच विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। प्रेमिका ने परिवार द्वारा मिलने-जुलने पर रोक लगाए जाने से तंग आकर विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद प्रेमी युवक ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग में आईं खटास, युवती ने लिया विषाक्त पदार्थ
जानकारी के मुताबिक, जहांगीरगंज के एक गांव में एक युवक और युवती लगभग एक साल से प्रेम-प्रसंग में थे। दोनों अक्सर मिलते थे, लेकिन युवती के परिजन इस संबंध से असहमत थे और मिलने-जुलने पर रोक लगा दी थी। परिवार की इस रोक से युवती काफी परेशान थी। रविवार की रात उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिवार के लोग रात में उसे इलाज के लिए आजमगढ़ ले जा रहे थे।
रास्ते में हुई मौत, शव को गुपचुप ले जाकर दफनाने की तैयारी
जहांगीरगंज के नरियांव बावली चौक के पास पहुंचने पर युवती की मौत हो गई। परिवार के लोग शव को वापस गांव ले गए और उसे गुप्त तरीके से दफनाने की योजना बनाने लगे।
युवक ने भी किया विषाक्त पदार्थ का सेवन, अस्पताल में इलाज जारी
युवती की मौत की सूचना प्रेमी युवक को सोमवार की सुबह मिली। बताया गया कि युवक ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे आनन-फानन में इलाज के लिए बसखारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।








