
- अंबेडकर नगर में 10वां आयुर्वेद दिवस मनाया गया
- “जन-जन के लिए पृथ्वी के कल्याण के लिए” थीम पर भव्य कार्यक्रम
- आयुर्वेद के महत्व और जीवनशैली में लाभ पर विशेष चर्चा
अंबेडकर नगर। 10वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर “जन-जन के लिए पृथ्वी के कल्याण के लिए” थीम पर लोहिया भवन में आयुर्वेद विभाग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य डॉक्टर हरिओम पांडेय और विधायक धर्मराज निषाद ने फीता काटकर तथा भगवान धनवंतरी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आयुर्वेद की उपयोगिता पर विशेष चर्चा
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य डॉक्टर हरिओम पांडेय और विधायक धर्मराज निषाद ने आयुर्वेद के महत्व और उसकी विशेषताओं पर विस्तार से जानकारी दी। दोनों ने कहा कि आयुर्वेद न केवल बीमारियों के इलाज में सहायक है, बल्कि यह जीवन शैली को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखने का भी मार्ग प्रदान करता है। उन्होंने मोटापा, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों में आयुर्वेद की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
चिकित्सा शिविर और स्वास्थ्य जांच का समावेश
इस अवसर पर लोहिया भवन में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न बीमारियों का निःशुल्क परीक्षण और उपचार किया गया। इसके साथ ही प्राकृति परीक्षण, योग शिविर और औषधीय पौधों का वितरण भी हुआ। चिकित्सकों ने मोटापा में आयुर्वेदिक आहार-विहार, भ्रामक विज्ञापन से सावधानी, कैंसर रोग में आयुर्वेद की उपयोगिता और स्त्रियों के लिए आयुर्वेद के लाभों पर विस्तृत व्याख्यान दिया।
शैक्षिक संस्थानों में आयुर्वेद जागरूकता प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम में रजत पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे आयुर्वेद की संस्कृति को बढ़ावा मिला। इसी क्रम में बीएन इंटर कॉलेज में आयोजित आयुर्वेद जागरूकता, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओं को विधान परिषद सदस्य और विधायक द्वारा पुरस्कृत किया गया। इससे युवाओं में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य पूरा हुआ।








