कानपुर में ट्रैफिक जाम से निपटने ऑड-ईवन फॉर्मूला पर विचार

  • शहर में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए ऑड-ईवन फॉर्मूला पर विचार
  • ई-रिक्शा और ई-ऑटो को पहले निर्धारित रूट पर चलाने का प्रयास
  • ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 400 वालंटियर नियुक्त

कानपुर। शहर में सुबह और शाम के समय बढ़ते ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा पर ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू करने पर विचार किया है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग के लिए 400 वालंटियर नियुक्त करने पर भी सहमति बनी। पुलिस कमिश्नर ने संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध विनोद कुमार सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार और एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह के साथ शहर में जाम की समस्या और समाधान पर विस्तार से चर्चा की।

ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू करने से पहले ई-रिक्शा और ई-ऑटो को निर्धारित रूटों पर चलाने का प्रयास किया जाएगा। यदि इससे जाम कम नहीं होता है, तो फॉर्मूला सुबह-शाम या पूरे दिन सख्ती से लागू किया जाएगा।

ट्रैफिक वालंटियरों को पहचान पत्र, सीटी, छड़ी और रेडियम जैकेट जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा वे पुलिस मेस का लाभ उठा सकेंगे और विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों में आमंत्रित किए जाएंगे।

जाम प्रभावित कई सड़कों को फिर से वन-वे करने की भी तैयारी है। कल्याणपुर क्रॉसिंग, जीटी रोड क्रॉसिंग, नयागंज, चकेरी, गोविंदनगर और आर्यनगर सहित अन्य क्षेत्रों में इस व्यवस्था को लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

Back to top button