लखनऊ में 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी

  • सुप्रीम कोर्ट में 28 अक्टूबर को सुनवाई, अभ्यर्थियों ने मांगी मजबूत पैरवी
  • पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हल्की झड़प, कई अभ्यर्थी हिरासत में

लखनऊ। 69000 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का लखनऊ में विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। दूसरे दिन अभ्यर्थियों ने बीएसपी सुप्रीमो मायावती के आवास का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘बहनजी न्याय दिलाओ, सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करो’ और ‘PDA को न्याय दो’ जैसे नारे लगाए।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पांच वर्षों से रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अब न्याय की उम्मीद मायावती से है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट में प्रदेश सरकार की कमजोर पैरवी के कारण उनकी नियुक्ति अब तक अटकी हुई है। आगामी 28 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है, जिसे लेकर अभ्यर्थी सरकार से मजबूत पक्ष रखने की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान मायावती आवास के बाहर पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच हल्की झड़प की स्थिति भी बनी। हालांकि बाद में चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बीएसपी महासचिव मेवालाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने उनसे अनुरोध किया कि उनकी बात मायावती तक पहुंचाई जाए।

इस बीच, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेज दिया।

जौनपुर से आए अभ्यर्थी मनोज कुमार यादव ने कहा, “हम PDA, बहुजन और SC समाज के बेटे हैं। हम बहनजी के बेटे हैं, उनसे गुहार लगाने आए हैं कि वे हमारी आवाज उठाएं और न्याय दिलाएं।”

वहीं, देवरिया से आए धनंजय गुप्ता ने कहा, “बहनजी हमारी आखिरी उम्मीद हैं। वह हमेशा पिछड़ों और दलितों की मसीहा रही हैं। हम चाहते हैं कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर हमें न्याय दिलाएं।”

Back to top button