पॉक्सो केस में आरोपी और पीड़िता ने किया जहर सेवन

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां पॉक्सो एक्ट और बलात्कार के आरोपी युवक तथा पीड़िता ने गुरुवार सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि आरोपी की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।

पहाड़ी पर जाकर किया जहर सेवन

पुलिस के मुताबिक, यह घटना दिरेहूं गांव की है। आरोपी की पहचान राज सोनकर (19 वर्ष), पुत्र बसंत सोनकर के रूप में हुई है। राज और 16 वर्षीय किशोरी दोनों दिरेहूं पहाड़ी पर गए थे, जहां दोनों ने मिलकर जहर का सेवन कर लिया।

कुछ ही देर बाद जब उनकी हालत बिगड़ने लगी, तो ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत डीसीएच चकिया अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को आईएमएस बीएचयू, वाराणसी रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान किशोरी की मौत

बीएचयू अस्पताल में इलाज के दौरान किशोरी सना की मौत हो गई, जबकि आरोपी राज सोनकर की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।

चल रहा था पॉक्सो एक्ट का मामला

पुलिस ने बताया कि चकिया थाने में एफआईआर नंबर 27/25 के तहत दोनों के खिलाफ मामला दर्ज था। इस केस में धारा 137(2)/87/65(1) बीएनएस और 3/4(2) पॉक्सो एक्ट की धाराएं लगाई गई थीं।

फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जहर खाने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है—क्या यह घटना मानसिक दबाव या सामाजिक भय के कारण हुई, या इसके पीछे कोई और वजह थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button