
वाराणसी। देश के 12 राज्यों में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने वाराणसी में अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘स्पेशल 27 टीम’ का गठन किया है, जो मतदाता सूची में गड़बड़ी और त्रुटियों को रोकने के लिए पीडीए प्रहरी की तरह काम करेगी।
सपा का आरोप है कि कई बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) फॉर्म भरवाने में लापरवाही कर रहे हैं, जिससे योग्य मतदाता सूची से बाहर रह सकते हैं। इसी को देखते हुए पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को वाराणसी के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किया है।
राष्ट्रीय महासचिव सत्यप्रकाश सोनकर ने बताया कि टीम मतदाताओं को फॉर्म 6, 7 और 8 भरने, आवश्यक दस्तावेज़ उपलब्ध कराने और प्रक्रिया समझाने में मदद करेगी। उनका कहना है कि विशेष रूप से उन लोगों के लिए यह अभियान आवश्यक है जो दूसरे जिलों में काम के लिए आते-जाते हैं और जिनका नाम सही तरीके से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पा रहा।
सपा का यह अभियान स्थानीय लोगों को जागरूक करने, मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और भविष्य के चुनावी प्रभाव को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है।








