
अंबेडकरनगर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अकबरपुर में बुधवार को आयोजित दिवसीय बृहद रोजगार मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह आयोजन राजकीय आईटीआई, जिला सेवायोजन विभाग और कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार व प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करना रहा।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सदस्य विधान परिषद हरिओम पांडे और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। मंच पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि जिले के युवाओं को उद्योगों से जोड़ने के लिए ऐसे मेले बेहद महत्वपूर्ण हैं।
सदस्य विधान परिषद ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। सरकार का प्रयास है कि कौशलयुक्त युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक अवसर मिलें, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और उनकी ऊर्जा सही दिशा में इस्तेमाल हो।
15 कंपनियों की सहभागिता, 588 युवाओं ने किया पंजीकरण
रोजगार मेले में कुल 15 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें उड़ान हर्बल, जेबीएम इंडिया ग्रुप, प्रेरणा, मदरसन, हीरोकार्प, पार्थ थ्रेड, श्याम इंडस्ट्रीज सहित कई कंपनियां शामिल रहीं।
मेले में 588 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनका विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया के अंतर्गत परीक्षण किया गया। कंपनियों ने उपलब्ध रिक्तियों और कौशल आवश्यकताओं के आधार पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
281 अभ्यर्थियों का हुआ चयन, युवाओं में उत्साह
चयन प्रक्रिया के बाद कुल 281 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। चयनित युवाओं को नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित आगे की जानकारी मौके पर ही उपलब्ध कराई गई। चयन सूची जारी होते ही युवाओं में उत्साह देखने को मिला।









