
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में 14 वर्षीय हिमांशु उर्फ अमन की रहस्यमयी गुमशुदगी को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार तीसरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर धरना-प्रदर्शन से गूंजता रहा। न्याय की मांग पर डटे पीड़ित परिवार के समर्थन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव बुधवार को एक बार फिर समर्थकों के साथ पहुंचे और पुलिस प्रशासन खिलाफ तीखे नारे लगाए। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता भूख हड़ताल शुरू कर व्यापक आंदोलन खड़ा करेंगे।
21 नवम्बर से लापता है हिमांशु, परिजन बोले—खोज में नहीं लगी पुलिस
आलापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरफुद्दीनपुर, पोस्ट चहोड़ा घाट निवासी सूर्यभान विश्वकर्मा का 14 वर्षीय पुत्र हिमांशु 21 नवम्बर को मकरही बाजार स्थित एक दुकान पर स्कूल का ब्लेज़र बदलने गया था। दुकान से उसने दुकानदार के मोबाइल से घर फोन कर लौटने की सूचना भी दी, लेकिन घर नहीं पहुंचा।
परिवार ने अगले दिन 22 नवम्बर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस ने खोजबीन को लेकर गंभीर पहल नहीं की। परिवार का आरोप है कि मामले की जांच धीमी है और बच्चे की तलाश के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे।
08 दिसम्बर से बाबा साहब की प्रतिमा के समक्ष धरना शुरू
न्याय की उम्मीद में हताश परिवार ने 08 दिसम्बर को कलेक्ट्रेट के निकट बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा के सामने आंदोलन का बैनर लगाकर क्रमिक धरना शुरू किया।
धरने में बैठे परिजनों ने कहा कि जब तक हिमांशु की सुरक्षित बरामदगी और मामले की गंभीर जांच नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। परिवार का कहना है कि 18 दिन से उनका बच्चा लापता है, लेकिन खोजबीन की दिशा अब तक स्पष्ट नहीं है।









