नए साल के पहले दिन शेयर बाजार में फ्लैट कारोबार

लखनऊ/मुंबई। साल 2026 के पहले दिन गुरुवार, 1 जनवरी को भारतीय शेयर बाजार में फ्लैट ट्रेडिंग रही। सेंसेक्स 32 अंक गिरकर 85,189 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 17 अंक की बढ़त के साथ 26,147 पर रहा।

सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में तेजी रही, जबकि निफ्टी के 50 में से 38 शेयर चढ़े। आज ऑटो, आईटी और मेटल सेक्टर में बढ़त देखने को मिली, वहीं FMCG और फार्मा शेयर कमजोर रहे।

सिगरेट पर टैक्स बढ़ोतरी का असर
सरकार की ओर से फरवरी 2026 से सिगरेट पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने की खबर का असर बाजार पर साफ दिखाई दिया। देश की सबसे बड़ी सिगरेट कंपनी ITC के शेयर 9.69% गिरकर 363.95 रुपए पर बंद हुए। वहीं, मार्लबोरो जैसे ब्रांड बेचने वाली कंपनी गॉडफ्रे फिलिप्स के शेयर 17.17% तक लुढ़क गए।

निवेशकों की गतिविधि
31 दिसंबर को विदेशी निवेशकों (FIIs) ने 3,597.38 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू निवेशकों (DIIs) ने 6,759.64 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। दिसंबर महीने के अंत तक FIIs ने कुल 34,349.62 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, वहीं DIIs ने 79,619.91 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

नवंबर में भी बाजार को घरेलू निवेशकों का समर्थन मिला था। FIIs ने 17,500.31 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि DIIs ने 77,083.78 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

कल बाजार में तेजी रही
31 दिसंबर को यानी साल के आखिरी दिन बाजार में जोरदार तेजी रही। सेंसेक्स 546 अंक चढ़कर 85,221 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 191 अंक की बढ़त हुई और यह 26,130 पर रहा। उस दिन बैंकिंग, मेटल, एनर्जी और FMCG सेक्टर में ज्यादा उछाल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button