एम.आर.ए. मेडिकल कॉलेज में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह की शुरुआत

अम्बेडकरनगर। जनवरी माह को सर्वाइकल कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाते हुए एम.आर.ए. मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकर नगर के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की ओर से सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा आम जनसमुदाय को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करना है।

समय पर जांच से संभव है प्रभावी रोकथाम

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सर्वाइकल कैंसर उन चुनिंदा कैंसरों में से है, जिनकी समय पर स्क्रीनिंग और एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से रोकथाम संभव है। प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर इसका इलाज भी सफलतापूर्वक किया जा सकता है। इसी संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए कॉलेज परिसर में विविध गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।

चार दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा तय

जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ 27 जनवरी को किया जाएगा। उद्घाटन सत्र के अंतर्गत रेजिडेंट्स द्वारा सर्वाइकल कैंसर से संबंधित विषयों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 28 जनवरी को मेडिकल छात्रों के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्रों की भागीदारी के माध्यम से विषय की समझ को परखा जाएगा।

29 जनवरी को नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से आम जनसमुदाय तक सरल भाषा और प्रभावी प्रस्तुति के जरिए सर्वाइकल कैंसर से जुड़े जागरूकता संदेश पहुंचाए जाएंगे। 30 जनवरी को पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जो सभी के लिए खुली रहेगी।

शैक्षणिक और जनजागरूकता गतिविधियों पर फोकस

कार्यक्रम के अंतर्गत स्क्रीनिंग एवं रोकथाम से जुड़े अकादमिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, जांच की विधियां और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। पोस्टर प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को रचनात्मक तरीके से जागरूकता संदेश प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button