एलएलबी परीक्षा में बड़ी अनियमितता, सिटिंग प्लान ध्वस्त

अंबेडकरनगर। बीएन केबी पीजी कॉलेज अकबरपुर में संचालित एलएलबी परीक्षा के दौरान सोमवार को गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। औचक निरीक्षण में परीक्षा की व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित पाई गई। सिटिंग प्लान का पालन नहीं हो रहा था और एक ही टेबल पर पांच से छह परीक्षार्थी झुंड बनाकर परीक्षा देते मिले। कई कक्षों में सीसीटीवी कैमरे या तो लगे ही नहीं थे या बंद पाए गए। हालात देखकर परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए।

जिलाधिकारी को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक्षा सिंह और सीओ सिटी नीतीश कुमार तिवारी ने कॉलेज में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम के पहुंचते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान ठाकुरदीप नारायण सिंह स्मारक लॉ कॉलेज से तैनात दो कक्ष निरीक्षक अजय कुमार सिंह और सीपी तिवारी ड्यूटी छोड़कर मौके से भाग गए। दोनों के अचानक गायब होने से जांच टीम हैरान रह गई।

कक्ष निरीक्षकों की भूमिका संदिग्ध
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि जिन कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी, वे संबंधित लॉ कॉलेजों से ही जुड़े थे। इस व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। एसडीएम ने तत्काल कॉलेज के रजिस्टरों की जांच की और कक्ष निरीक्षकों से जुड़े फोटो व अन्य विवरण संकलित किए। प्रारंभिक जांच में परीक्षा संचालन में लापरवाही और नियमों की अनदेखी के स्पष्ट संकेत मिले हैं।

कॉलेज की प्राचार्य सुचिता पांडेय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान भागे कक्ष निरीक्षकों से जब उनके कॉलेज प्रबंधन ने संपर्क किया तो यह बताया गया कि दोनों उच्च रक्तचाप के मरीज हैं और घबरा गए थे। दवा लेने जाने की बात कही गई, हालांकि प्रशासन इस दावे की सत्यता की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button