कानपुर में नाबालिग से गैंगरेप का आरोप, एक आरोपी हिरासत में

कानपुर: कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने मंदिर के पास से उसे बहला-फुसलाकर मंधना स्थित एक घर में ले जाकर दुष्कर्म किया।

पीड़िता वाराणसी की रहने वाली बताई जा रही है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपने चाचा के यहां कानपुर आ रही थी, लेकिन अब तक पुलिस को उसके चाचा के घर का पता नहीं मिल सका है।

घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ जब मकान में रहने वाले एक किरायेदार ने नीचे कमरे से आवाज सुनकर जांच की। अंदर पहुंचने पर उसे एक लड़की मिली, जिसने बताया कि मकान मालिक के बेटे और उसके दो साथियों ने उसके साथ गलत काम किया है। इसके बाद किरायेदार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को अपने साथ ले गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है और उसकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button