लखनऊ में STF की बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 2 क्विंटल गांजा बरामद

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 2 क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 52 लाख रुपए आंकी गई है।

इस मामले में STF टीम ने ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि STF को पिछले कुछ दिनों से कई राज्यों में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर टीम लगातार निगरानी कर रही थी।

सूचना के अनुसार, ओडिशा से गांजा लदा एक ट्रक (नंबर JH-05 CX-4295) सुलतानपुर रोड के रास्ते लखनऊ पहुंचने वाला था और एचसीएल के पास सर्विस लेन में माल उतारने की योजना थी। इस इनपुट के आधार पर STF ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ट्रक को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान ट्रक में बनाई गई गुप्त कैविटी से करीब 200 किलो गांजा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि यह कैविटी खास तौर पर तस्करी के लिए तैयार की गई थी, जिसमें करीब 5 क्विंटल तक गांजा छिपाया जा सकता था।

पकड़े गए चालक की पहचान बिहार के नालंदा निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि झारखंड के रहने वाले टीपू और तपन उसके वाहन मालिक हैं और उनके निर्देश पर वह ओडिशा से गांजा लोड कर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करता था।

आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले भी 3-4 बार इस तरह की खेप ला चुका है और हर चक्कर के लिए उसे 40 से 50 हजार रुपए मिलते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button