
अम्बेडकरनगर। विकासखंड जलालपुर स्थित बाबा बरुआ दास पीजी कॉलेज में जन शिक्षण केंद्र द्वारा “तीसरी सरकार अभियान” के अंतर्गत नेतृत्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत सावित्रीबाई फुले नारी संघ की महिला लीडर और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन उपप्राचार्य डॉ. पवन कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने नेतृत्व विकास के गुणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सक्षम और सशक्त नेता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रशिक्षक अनिल तिवारी ने प्रशिक्षण सत्र में लीडरशिप के गुण, लीडरों की विशेषताएं और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिभागियों को समूहों में विभाजित कर सामाजिक, राजनीतिक और व्यवसायिक क्षेत्र में बदलाव लाने के तरीकों पर विचार-विमर्श कराया गया। प्रशिक्षक ने प्रतिभागियों के विचारों को सरल और व्यवहारिक रूप देने पर जोर दिया।
संस्था की सचिव पुष्पा पाल ने कहा कि सही जानकारी और मजबूत पकड़ से ही विकास के रास्ते खुलते हैं। उन्होंने महिला लीडरों और छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि नेतृत्व क्षमता के माध्यम से वे अपने परिवार और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने छात्रों को भी बताया कि नेतृत्व क्षमता विकसित होने पर वे समाज और राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, जिससे सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपप्राचार्य ने पंच परमेश्वर विद्यापीठ और जन शिक्षण केंद्र के प्रयासों की सराहना की और प्रशिक्षक तथा संस्था की सचिव को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में जन शिक्षण केंद्र की निशा, उर्मिला, सरोज, सिद्धार्थ सिंह, हेमलता, तथा नारी संघ लीडर उमा, रंजना, राधिका, ललिता, वंदना के साथ कॉलेज के छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र ने प्रतिभागियों को नेतृत्व कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व के बारे में जागरूक किया।








