
लखनऊ (आशियाना): राम मनोहर लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी परिसर में बने स्विमिंग पूल में रविवार रात नहाने के दौरान 17 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। घटना के समय उसका बड़ा भाई और दो अन्य युवक भी पूल में मौजूद थे।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आशियाना निवासी कुशाग्र भूषण अपने भाई और दोस्तों के साथ स्विमिंग करने गया था। इसी दौरान वह अचानक 14 फीट गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा।
लाइफगार्ड ने निकाला, अस्पताल में मौत घोषित
मामले की जानकारी होने पर लाइफगार्ड ने तुरंत उसे पानी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हाल ही में दिया था बोर्ड एग्जाम
परिजनों के मुताबिक, कुशाग्र ने इसी साल इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। उसके पिता अमित भूषण एक प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट हैं। परिवार में मां प्रतिभा और बड़ा भाई प्रणव हैं।
टिकट लेकर गए थे स्विमिंग करने
प्रणव ने बताया कि वह अपने भाई और मोहल्ले के दो अन्य युवकों के साथ पूल में नहाने गए थे। चारों ने 300 रुपये का टिकट लिया था, तभी यह हादसा हो गया।









