
- 2 दिन बाद फैक्ट्रियां दोबारा खुलीं
- RAF और PAC की 16 कंपनियां तैनात
- CCTV और ड्रोन से निगरानी
नोएडा। नोएडा में दो दिन तक चले बवाल के बाद बुधवार को हालात सामान्य होते नजर आए। औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्रियां फिर से खुल गई हैं, हालांकि कुछ इकाइयों ने एहतियात के तौर पर आज छुट्टी घोषित की है।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था
नोएडा के सेक्टर 63, 84, 85, 80 और फेस-2 इलाकों में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और पीएसी की कुल 16 कंपनियां तैनात की गई हैं।
इसके अलावा CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है।
कंपनियों ने जारी किए नोटिस
कई कंपनियों ने अपने गेट पर सैलरी बढ़ोतरी से जुड़े नोटिस चस्पा किए हैं।
कुछ कंपनियों ने कर्मचारियों को सूचित किया कि आज उत्पादन कार्य बंद रहेगा और आगे की जानकारी बाद में दी जाएगी।
भ्रामक वीडियो पर FIR
इस बीच नोएडा साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दो महिला प्रवक्ताओं कंचना यादव और प्रियंका भारती के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो साझा कर माहौल खराब करने और पुलिस की छवि धूमिल करने की कोशिश की।
डीएम ने दी सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्पष्ट किया कि अगर कोई आउटसोर्सिंग एजेंसी या उसका कर्मचारी उपद्रव में शामिल पाया गया, तो एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि ऐसी एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है और उनका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
बवाल में भारी नुकसान और कार्रवाई
सोमवार और मंगलवार को सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने हिंसक प्रदर्शन किया था।
80 से ज्यादा स्थानों पर पथराव और करीब 350 कंपनियों में तोड़फोड़ की गई।
मंत्री अनिल राजभर ने इस घटना में बड़ी साजिश की आशंका जताई है।
गिरफ्तारी और जांच जारी
अब तक 7 थानों में 1800 लोगों और 4 हैंडलर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने 4 महिलाओं समेत 396 लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।









