
- कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
- शिव गंगा एक्सप्रेस में सफर कर रहा था आरोपी
- खुद को रेलवे अधिकारी बताकर यात्रियों पर जमा रहा था रौब
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे विजिलेंस टीम ने शुक्रवार रात एक फर्जी रेलवे अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो शिव गंगा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी खुद को रेलवे का अधिकारी बताकर यात्रियों पर रौब झाड़ रहा था और उन्हें हटा-डांट रहा था। इसी दौरान किसी यात्री ने उसकी गतिविधियों पर शक होने पर शिकायत कर दी।
सूचना मिलते ही रेलवे विजिलेंस टीम सतर्क हो गई। जैसे ही ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से रेलवे के कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए, जिनमें नकली आई कार्ड, ड्यूटी पास और सुविधा पास शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से हजारों रुपये नकद भी मिले हैं।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।









