केरलम : केरलम से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां त्रिशूर जिले के मुंडाथिकोड इलाके में पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। केरलम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की है।
जानें पूरा मामला
यह हादसा प्रसिद्ध त्रिशूर पूरम उत्सव की तैयारियों के दौरान हुआ, जिसे केरल का सबसे भव्य और ऐतिहासिक मंदिर उत्सव माना जाता है। जानकारी के अनुसार, आतिशबाजी के लिए रखे गए पटाखे अचानक फटने लगे, जिससे कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पटाखे अस्थायी शेड के नीचे रखे गए थे और अचानक एक के बाद एक धमाके होने लगे। उस समय वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कई लोग विस्फोट और आग की चपेट में आ गए।
राहत-बचाव कार्य जारी
बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलते हुए पांच अस्थायी शेड तक पहुंच गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, आग पर पूरी तरह काबू पाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि इलाके में घना धुआं फैल गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। यह हादसा एक बार फिर बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल जांच जारी है और प्रशासन ने घटना के कारणों का पता लगाने के आदेश दे दिए हैं।









