भीषण गर्मी में मेगा मेडिकल कैम्प, 366 मरीजों का इलाज

रक्तदान शिविर में 11 युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

अम्बेडकरनगर में भीषण गर्मी के बीच आयोजित फ्री मेगा मेडिकल कैम्प में 366 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। हेल्प प्वाइंट एनजीओ और एसएस एजुकेशनल सोसायटी ने पूर्वांचल मेडिसिटी हॉस्पिटल के सहयोग से यह कैम्प आयोजित किया। कैम्प में सभी मरीजों की बीपी और शुगर की जांच निःशुल्क की गई।

कैम्प के साथ लगे रक्तदान शिविर में 18 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 11 युवाओं ने रक्तदान किया। यह शिविर महामाया मेडिकल कॉलेज की रक्तकोष टीम और बीसीटीवी अयोध्या मंडल के सहयोग से आयोजित हुआ।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी परामर्श और दवाएं

कैम्प में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण किया। इसमें जनरल सर्जन, नेत्र रोग, महिला रोग, दंत रोग, बाल रोग, कैंसर, न्यूरो और हड्डी रोग विशेषज्ञ शामिल रहे। सभी मरीजों को आवश्यक परामर्श और दवाएं निःशुल्क दी गईं। एक ही स्थान पर कई विशेषज्ञों की उपलब्धता से लोगों को सुविधा मिली।

आयोजकों ने चिकित्सकों का किया सम्मान

कार्यक्रम के अंत में बेहतर सेवा देने वाले चिकित्सकों को अंगवस्त्र और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button