वाराणसी में भीड़ का खौफनाक चेहरा

महिला को टक्कर के बाद कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या

  • महिला को टक्कर के बाद भड़की भीड़ ने कारोबारी की पीट-पीटकर हत्या
  • लात-घूंसे और ईंटों से हमला, मौके पर तोड़ी गई कार
  • घायल महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहा था कारोबारी
  • 8 नामजद समेत 15 लोगों पर केस, 2 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र में भीड़ हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महिला को कार से टक्कर लगने के बाद गुस्साई भीड़ ने एक कारोबारी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हमलावरों ने न सिर्फ युवक को बेरहमी से मारा, बल्कि उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

मृतक की पहचान भरथरा गांव निवासी मनीष सिंह के रूप में हुई है। वह रविवार देर रात अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घमहापुर के पास अचानक एक महिला कार के सामने आ गई, जिससे उसे टक्कर लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मनीष ने तुरंत कार रोकी और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों से मदद मांगी। लेकिन मौके पर जुटी भीड़ ने उनकी बात सुनने के बजाय उन पर हमला कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि करीब 10-12 लोगों ने मनीष को घेर लिया और पहले उनकी कार को ईंटों से तोड़ दिया, फिर उन्हें लात-घूंसे और ईंटों से तब तक पीटते रहे, जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। मनीष मौके पर तड़पते रहे, लेकिन किसी ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की।

मृतक के चाचा अरुण सिंह की तहरीर पर पुलिस ने महिला के परिजन समेत 8 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button