
- सन फार्मा का सबसे बड़ा विदेशी अधिग्रहण
- ऑर्गेनॉन को ₹1.10 लाख करोड़ में खरीदेगी
- 14 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से डील
नई दिल्ली। भारत की सबसे बड़ी दवा कंपनी Sun Pharmaceutical Industries ने अमेरिका (न्यू जर्सी) की प्रमुख फार्मा कंपनी Organon & Co. का अधिग्रहण करने का ऐलान किया है। करीब 1.10 लाख करोड़ रुपए की यह डील किसी भी भारतीय फार्मा कंपनी द्वारा अब तक का सबसे बड़ा विदेशी सौदा मानी जा रही है।
कंपनियों द्वारा जारी संयुक्त बयान के मुताबिक, सन फार्मा ऑर्गेनॉन के सभी बकाया शेयर 14 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर खरीदेगी। यह पूरा सौदा नकद में किया जाएगा।
150 देशों तक पहुंचेगी सन फार्मा
इस अधिग्रहण के बाद सन फार्मा की वैश्विक मौजूदगी 150 से अधिक देशों में हो जाएगी। साथ ही कंपनी दुनिया की टॉप-25 फार्मा कंपनियों में अपनी जगह मजबूत करेगी।
बायोसिमिलर्स में बनेगी बड़ी ताकत
इस डील के बाद सन फार्मा बायोसिमिलर्स (जैविक दवाओं) के क्षेत्र में दुनिया की 7वीं सबसे बड़ी कंपनी बन सकती है। कंपनी के पास 18 बड़े बाजार होंगे, जहां से हर एक बाजार लगभग 900 करोड़ रुपए का राजस्व देता है।
डील में शामिल कर्ज और राजस्व
इस अधिग्रहण में ऑर्गेनॉन का करीब 81 हजार करोड़ रुपए का कर्ज भी शामिल है। कंपनी का अनुमान है कि डील पूरी होने के बाद संयुक्त राजस्व करीब 1.16 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा।
2027 तक पूरा होगा सौदा
यह डील 2027 तक पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद सन फार्मा का ग्लोबल विस्तार और मजबूत होगा।









