
मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक कमरे से युवक-युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय युवती का शव बेड पर पड़ा मिला, जबकि 24 वर्षीय युवक फंदे से लटका हुआ था।
दरवाजा नहीं खुला तो हुआ खुलासा
घटना का पता तब चला जब युवती के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों शव बरामद किए।
हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फंदे से झूल गया। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।
एक साल से था प्रेम संबंध
जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
युवती ने पहले दर्ज कराई थी FIR
बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को युवती ने युवक के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी, जिससे युवक नाराज था। इस घटना को भी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
वृंदावन पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।









