क्रूज शिप पर हंतावायरस का खतरा: 3 की मौत

WHO की पुष्टि के बाद अलर्ट, यात्रियों को उतरने की अनुमति नहीं; संक्रमण के स्रोत की जांच जारी

अटलांटिक महासागर में चल रहे एक क्रूज शिप पर खतरनाक हंतावायरस संक्रमण का मामला सामने आया है। इस घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कम से कम तीन अन्य लोग बीमार बताए जा रहे हैं। मामले की पुष्टि World Health Organization और दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य विभाग ने की है।

जानकारी के मुताबिक, MV Hondius नाम का यह क्रूज शिप फिलहाल प्राया में रोका गया है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए यात्रियों को जहाज से उतरने की अनुमति नहीं दी गई है।

WHO के अनुसार, जहाज पर कुल 6 लोगों में संक्रमण जैसे लक्षण पाए गए हैं, जिनमें से एक मामले की लैब में पुष्टि भी हो चुकी है। एक मरीज को गंभीर हालत में दक्षिण अफ्रीका के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य को जहाज से बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सभी बीमार लोग हंतावायरस से ही संक्रमित हैं या नहीं। स्वास्थ्य एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि संक्रमण कैसे और कहां से फैला।

विशेषज्ञों का कहना है कि हंतावायरस आमतौर पर चूहों के संपर्क से फैलता है, जिससे इस घटना को लेकर स्वास्थ्य एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और आगे संक्रमण रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button