जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

  • डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
  • पहले खुद करें स्व-गणना
  • शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारी तय
  • गांव स्तर पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश

बलिया जनपद में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी और सफल बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

पहले अधिकारी खुद करें स्व-गणना

जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी सबसे पहले अपनी स्वयं की स्व-गणना सुनिश्चित करें। इसके बाद वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की स्व-गणना भी कराएं, ताकि प्रक्रिया समय से पूरी हो सके।

शिक्षकों की जिम्मेदारी तय

शिक्षा विभाग को इस अभियान में अहम भूमिका दी गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को निर्देशित किया गया कि वे अपने अधीन सभी शिक्षकों की स्व-गणना अनिवार्य रूप से कराएं और इसकी निगरानी भी करें।

स्वास्थ्य विभाग को भी बड़ी जिम्मेदारी

मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) को निर्देश दिए गए कि वे स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों, एएनएम और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की स्व-गणना सुनिश्चित कराएं। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई।

ग्राम स्तर पर भी अभियान को बढ़ावा

जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्रत्येक गांव में स्व-गणना अभियान को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया में शामिल करने के निर्देश दिए गए।

व्यापक भागीदारी पर जोर

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए हर स्तर पर समन्वय और जागरूकता जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button