
- सरकारी स्कूल में बच्चों को हिजाब और टोपी पहनाने का आरोप
- वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने की कार्रवाई
- डीएम के निर्देश पर प्रिंसिपल और शिक्षकों पर FIR
संभल जिले के एक सरकारी स्कूल में बच्चों को हिजाब और टोपी पहनाने के आरोपों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक और दो सहायक अध्यापकों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही डीएम के निर्देश पर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
मामला संभल के जालम सराय गांव स्थित पीएमश्री विद्यालय का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में छात्र-छात्राएं हिजाब और इस्लामिक टोपी पहनकर प्रार्थना करते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन हरकत में आया।
8 मई को खंड शिक्षा अधिकारी विद्यालय पहुंचे और जांच की। उस समय स्कूल में केवल प्रभारी प्रधानाध्यापक मौजूद मिले, जबकि अन्य स्टाफ अनुपस्थित था। जांच के दौरान बच्चों से पूछताछ भी की गई। छात्रों ने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है।
विद्यालय में कुल 352 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें 118 जाटव समुदाय और 234 मुस्लिम समुदाय के बच्चे शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान करीब 220 बच्चे उपस्थित मिले।
आरोप है कि मेडिकल लीव पर चल रहे प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद और उर्दू शिक्षक मोहम्मद गुल एजाज ने स्कूल में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। आरोपों के अनुसार छात्राओं को हिजाब पहनने और सजदा करने के लिए प्रेरित किया गया, जबकि छात्रों को टोपी पहनकर आने के लिए कहा जाता था।
खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि जांच में कुछ छात्राएं हिजाब पहनकर स्कूल आती मिलीं। इनमें दोनों समुदायों की बच्चियां शामिल थीं। मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।









