
- हादसे में दोनों युवकों के सिर में आई गंभीर चोटें
- अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
- दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार
अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इल्तिफातगंज मार्ग पर उकरा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के डाढ़ी गांव निवासी 25 वर्षीय अंकित यादव और 19 वर्षीय हिमांशु सिंह गुरुवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे दोनों अकबरपुर थाना क्षेत्र के उकरा चनैनी भट्ठा के पास पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सूचना मिलने के बाद अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए।









