लखनऊ। लखनऊ में बदमाशों ने एक ज्वेलर्स को गोली मारकर स्कूटी और गहने-नकदी से भरा बैग लूट लिया। घटना में ज्वेलर्स के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के अमेठी कस्बे में हुई। पीड़ित की पहचान सचिन सोनी के रूप में हुई है, जो अमेठी के पटवन टोला के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, सचिन सोनी की मुंशीगंज रामबाग रोड पर ज्वेलरी की दुकान है। वे दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में लगभग 300 मीटर दूरी पर बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद के मुताबिक, दो बदमाशों ने पहले उन्हें रोका और एक अन्य साथी भी मौके पर मौजूद था।
तीनों बदमाशों ने मिलकर उनकी स्कूटी और बैग लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिन पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।









