लखनऊ। सावन माह में उत्तर प्रदेश की सड़कों पर कांवड़ यात्रा पूरे उत्साह के साथ जारी है। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों के बीच अलग-अलग जिलों से अनोखी तस्वीरें सामने आ रही हैं। दिल्ली के मूलचंद त्यागी रावण का वेश धारण कर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हैं। उनका कहना है कि आज हर भाई को अपनी बहन की रक्षा के लिए रावण जैसा साहसी बनना चाहिए।
संभल में एक कांवड़िया अपनी कांवड़ में एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दूसरी ओर एसपी केके बिश्नोई की तस्वीर लगाकर यात्रा कर रहा है। वहीं शामली में डीएम और एसपी ने कांवड़ सेवा शिविर पहुंचकर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मेरठ के 65 वर्षीय हरपाल नाथ हरिद्वार से 33 लीटर गंगाजल लेकर घुटनों के बल चलते हुए चार पहियों वाली कांवड़ खींच रहे हैं।
इस बीच मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बाइक की टक्कर से कांवड़ खंडित होने के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस जब आरोपी युवकों को हिरासत में लेकर जा रही थी, तभी कुछ कांवड़ियों ने उन पर हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव कर रहे एक हेड कांस्टेबल को भी चोटें आईं।









