यूपी में मानसून 24-48 घंटे में एंट्री की संभावना

IMD ने बताया अनुकूल सिस्टम तैयार, 28 जून तक पूर्वी यूपी से एंट्री संभव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून अगले 24 से 48 घंटों के भीतर प्रवेश कर सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में मानसून के लिए अनुकूल मौसमी सिस्टम तैयार हो गया है और यह 28 जून तक बिहार बॉर्डर से गोरखपुर-महराजगंज के रास्ते यूपी में प्रवेश कर सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून 29 जून तक लखनऊ पहुंच सकता है और 1 से 2 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश में फैल सकता है। आमतौर पर मानसून 20 जून तक उत्तर प्रदेश में आ जाता है, लेकिन इस बार इसमें करीब 8 दिनों की देरी हुई है। बताया जा रहा है कि मानसून पिछले 15-16 दिनों से महराजगंज के पास अटका हुआ है।

इस बीच प्रदेश में गर्मी और उमस का असर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार सुबह से ही पूरे यूपी में तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। बादलों की आवाजाही के बावजूद तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई है और कई इलाकों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

IMD ने आज 32 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि पूर्वी और मध्य यूपी के 38 जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले गुरुवार को गाजियाबाद और प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जबकि मेरठ में हल्की बूंदाबांदी हुई। बांदा जिले में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button