शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर दो पर्यटक खुलेआम बीयर पीते हुए पकड़े गए हैं। यह घटना वीरवार देर शाम की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दोनों पर्यटक सार्वजनिक स्थान पर बीयर का सेवन करते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को रोककर सार्वजनिक स्थान पर नशा करने से जुड़े नियमों की जानकारी दी।
पुलिस ने समझाने के बाद दोनों पर्यटकों को इस बार चेतावनी देकर छोड़ दिया, लेकिन भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
रिज मैदान और माल रोड शिमला के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं, जिन्हें नो-स्मोकिंग जोन घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर बीड़ी, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध है। नियमों के तहत उल्लंघन करने पर चालान और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
पुलिस अधिकारियों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे पर्यटन स्थलों की गरिमा बनाए रखें और सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









