अंबेडकरनगर। जिले के दो रक्तदान कार्यकर्ताओं को रक्तदान और जनजागरूकता के क्षेत्र में किए गए योगदान के लिए लखनऊ में सम्मानित किया गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों और कार्यकर्ताओं का राष्ट्रीय एकीकृत मंच (नीफा) की ओर से अंतरराष्ट्रीय रक्तदान एवं जागरूकता अभियान के तहत उत्कृष्टता का विश्व रिकॉर्ड बनाए जाने के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में टांडा निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ अंशु बग्गा और अकबरपुर के शास्त्रीनगर निवासी शशांक शेखर को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। दोनों को लगातार रक्तदान शिविर आयोजित करने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने के प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया।
रक्तदान अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने पर मिला सम्मान
सम्मान समारोह में महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान और राज्य मंत्री, लघु उद्योग निगम लिमिटेड वैश्य नटवर गोयल ने दोनों रक्तवीरों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
‘पंख’ संस्था के माध्यम से लगातार चल रहा अभियान
मनप्रीत सिंह उर्फ अंशु बग्गा अपनी संस्था ‘पंख’ के माध्यम से जिले में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित कर रहे हैं। संस्था जरूरत पड़ने पर रक्तदाताओं को मरीजों से जोड़ने का भी कार्य कर रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार संस्था के प्रयासों से अब तक एक हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों को रक्त उपलब्ध कराया जा चुका है।
शशांक शेखर भी जिले में रक्तदान जागरूकता अभियान से जुड़े हैं और रक्तदान शिविरों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।









