
अम्बेडकरनगर। दिवंगत समाजसेवी और व्यापारी नेता रामचंद्र जायसवाल की सातवीं पुण्यतिथि पर रविवार को शुकुल बाजार स्थित आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक एवं व्यापारी हितों से जुड़े कार्यों को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता सहित क्षेत्र के कई लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर दिवंगत रामचंद्र जायसवाल की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया गया। लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सामाजिक कार्यों और संघर्षों को किया गया याद
सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि रामचंद्र जायसवाल ने समाज और व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान लखनऊ विधायक डॉ. नीरज बोरा, व्यापारी नेता सुशील जायसवाल, नंदलाल जायसवाल, नवनीत मद्धेशिया और पूर्व जिला पंचायत सदस्य बलिराम गौतम सहित कई लोगों ने फोन के माध्यम से दिवंगत व्यापारी नेता के छोटे भाई जयप्रकाश जायसवाल और उनके पुत्र अधिवक्ता अमित रंजन जायसवाल के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हत्या मामले में सजा के बाद पूरी हुई कानूनी लड़ाई
रामचंद्र जायसवाल की 19 जुलाई 2019 को उनके कार्यालय में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद उनके परिवार ने न्याय के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। उनके छोटे भाई जयप्रकाश जायसवाल और पुत्र अधिवक्ता अमित रंजन जायसवाल ने मामले की पैरवी जारी रखी। बाद में इस मामले में शामिल आरोपियों को अदालत से उम्रकैद की सजा सुनाई गई। मुख्य आरोपी शिव प्रकाश मौर्य की बाद में मृत्यु हो चुकी है।









