महिला से अवैध संबंध बनाने के दबाव का आरोप

युवक की कुल्हाड़ी से हत्या; हाथ-पैर बांधकर शव घर से बरामद

चंडीगढ़/पंजाब। पंजाब में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने एक विवाहित महिला, उसके पति और अन्य परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान धारा सिंह कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव हसनभट्टी का रहने वाला था। उसके पिता हरनेक सिंह पंजाब पुलिस की कमांडो बटालियन में हेड कांस्टेबल हैं और वर्तमान में चंडीगढ़ में तैनात हैं।

परिजनों के अनुसार, अर्शदीप पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। पूछने पर उसने बताया था कि गांव मचाकी कलां की रहने वाली एक विवाहित महिला उस पर संबंध बनाने का दबाव बना रही थी। पिता का कहना है कि उन्होंने बेटे से इस मामले को पंचायत के माध्यम से सुलझाने की बात कही थी।

रविवार को अर्शदीप घर से लापता हो गया। काफी तलाश के बाद परिजन गांव पिपली स्थित महिला के घर पहुंचे, जहां से उसका शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि युवक के हाथ-पैर और मुंह बंधे हुए थे तथा धारदार हथियार से उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी।

मृतक के पिता ने महिला, उसके पति, पिता और भाई पर हत्या का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत के आधार पर थाना सदर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। थाना सदर के एसएचओ ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक को घर बुलाया गया था, जहां उसकी हत्या की गई। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button