मन की बात में पीएम मोदी ने गिनाईं देश की उपलब्धियां

युवाओं और सैनिकों की सराहना

  • कारगिल विजय दिवस पर वीर जवानों को नमन
  • विक्रम-1 लॉन्च को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
  • साइंस ओलंपियाड में भारतीय छात्रों की सफलता की सराहना
  • जल संरक्षण, पर्यावरण और लोकल उत्पादों पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस ऐसी तारीख है, जिसे याद रखने के लिए कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने बताया कि दिल्ली से द्रास तक शौर्य विजय यात्रा भी निकाली जा रही है।

युवाओं की उपलब्धियों पर जताया गर्व

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवा लगातार दुनिया में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और मैथ्स साइंस ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

विक्रम-1 लॉन्च को बताया ऐतिहासिक पल

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले रविवार विक्रम-1 रॉकेट का सफल प्रक्षेपण भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह निजी क्षेत्र द्वारा विकसित भारत का पहला रॉकेट है, जिसने देश के युवाओं की प्रतिभा और नवाचार क्षमता को दुनिया के सामने रखा।

रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता

प्रधानमंत्री ने स्वदेशी युद्धपोत INS महेंद्रगिरी के नौसेना में शामिल होने और पिनाका मिसाइल के सफल परीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि भारत रक्षा तकनीक में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।

जल संरक्षण को बताया भविष्य की पूंजी

उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां पानी गिरे, उसे वहीं रोकना चाहिए। मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में हजारों तालाब बनाए गए हैं और जल संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य हो रहा है।

खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

प्रधानमंत्री ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही पीवी सिंधु के जापान ओपन खिताब और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की टेस्ट जीत की भी सराहना की।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पीएम मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि अहमदाबाद में एक घंटे में 3.5 लाख और उत्तर प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।

प्लास्टिक मुक्त भारत पर जोर

प्रधानमंत्री ने बिहार के सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे से बेंच बनाने की पहल का उदाहरण दिया। उन्होंने गणेशोत्सव के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस की जगह मिट्टी की गणेश प्रतिमा अपनाने की भी अपील की।

लोकल उत्पाद और खादी खरीदने की अपील

पीएम मोदी ने कश्मीर की वागु चटाई, बिजनौर की हर्बल चाय और नेशनल हैंडलूम डे का जिक्र करते हुए लोगों से स्थानीय उत्पादों और खादी को अपनाने की अपील की।

कलाम को किया याद, हर घर तिरंगा का आह्वान

प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने गुरु पूर्णिमा और स्वतंत्रता दिवस का जिक्र करते हुए देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button